Quick Answer
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया एक आनुवंशिक समस्या है, जिसमें डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन (DHT) हार्मोन के प्रति संवेदनशीलता के कारण बालों के रोम धीरे-धीरे सिकुड़ने लगते हैं। इससे बाल पहले से ज़्यादा पतले होने लगते हैं। एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के इलाज का उद्देश्य इस प्रक्रिया की रफ़्तार कम करना और बालों की बढ़त में मदद करना है। मिनोक्सिडिल (Minoxidil) और फिनास्टेराइड (Finasteride) इसके सबसे अधिक चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित उपचारों में शामिल हैं।
एलोपेसिया का सही इलाज चुनना मुश्किल हो सकता है, ख़ासकर जब दवाएँ, सिर की त्वचा पर लगाए जाने वाले सीरम और शैम्पू सभी बालों को घना बनाने का दावा करते हैं। एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया, जिसे पुरुषों और महिलाओं में एक खास तरीके से बाल पतले होने की समस्या (male pattenr hair thinning) भी कहा जाता है, धीरे-धीरे माथे की हेयरलाइन, सिर के ऊपरी हिस्से या बीच की माँग को प्रभावित करता है।
सही इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि बाल कितने पतले हो चुके हैं और कौन-से बालों के रोम अभी भी उपचार के प्रति प्रतिक्रिया दे सकते हैं। अलग-अलग दवाएँ कैसे काम करती हैं, यह समझकर आप त्वचा रोग विशेषज्ञ की मदद से अपने लिए उपयुक्त इलाज चुन सकते हैं।
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया बालों की बढ़त को कैसे प्रभावित करता है?
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया में बालों के रोम समय के साथ छोटे होने लगते हैं, जिससे बाल धीरे-धीरे पतले होते जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि कुछ बालों के रोम आनुवंशिक कारणों से डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन (DHT) नामक हार्मोन के प्रति संवेदनशील होते हैं। डीएचटी इन संवेदनशील रोम को प्रभावित करता है और धीरे-धीरे बालों के बढ़ने का समय कम कर देता है। नतीजतन, बालों के बढ़ने के हर नए चक्र में पहले से ज़्यादा पतले और छोटे बाल निकलने लगते हैं।
इस प्रक्रिया को फॉलिक्युलर मिनिएचराइजेशन (Follicular Miniaturisation) कहा जाता है। पुरुषों में यह आमतौर पर माथे की हेयरलाइन और सिर के ऊपरी हिस्से को प्रभावित करती है, जबकि महिलाओं में बीच की माँग चौड़ी होने लगती है और बालों का घनापन कम हो जाता है।
जैसे-जैसे यह समस्या बढ़ती है, प्रभावित रोम बहुत बारीक बाल पैदा करने लगते हैं, जिससे सिर की त्वचा पहले से ज़्यादा दिखाई देने लगती है।

एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया का सबसे अच्छा इलाज क्या है?
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के सबसे प्रमाणित उपचारों में पुरुषों और महिलाओं के लिए सिर की त्वचा पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल और उपयुक्त पुरुषों के लिए खाने वाली फिनास्टेराइड शामिल हैं। ये दोनों दवाएँ एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के अलग-अलग पहलुओं पर काम करती हैं।
आनुवंशिक कारणों से बाल पतले होने का इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि बालों के रोम कितने सिकुड़ चुके हैं और वे उपचार के प्रति कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। नीचे दी गई तालिका में चिकित्सकीय अध्ययनों के आधार पर बताया गया है कि अलग-अलग उपचार कैसे काम करते हैं और अध्ययन में शामिल लोगों को उनसे कितना फ़ायदा हुआ।
|
उपचार |
कैसे काम करता है? |
चिकित्सकीय शोध के प्रमाण |
|
सिर पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल |
बालों की बढ़त में मदद करता है और उनका घनापन बनाए रखने में सहायक होता है। |
अध्ययन: 393 पुरुषों पर 48 हफ़्तों तक परीक्षण किया गया। 5% बनाम 2%: 5% मिनोक्सिडिल से 2% की तुलना में 45% अधिक बालों की बढ़त देखी गई। प्रभावशीलता: दोनों ही मात्रा बिना सक्रिय दवा वाले उपचार (प्लेसिबो) से काफ़ी अधिक प्रभावी रहीं। |
|
खाने वाली फिनास्टेराइड |
पुरुषों में डीएचटी हार्मोन का बनना कम करती है। |
अध्ययन: 1,553 पुरुषों पर दो चिकित्सकीय परीक्षण, जिनकी अवधि 2 वर्ष थी। मुख्य परिणाम: सिर के निर्धारित 1 वर्ग इंच क्षेत्र में प्लेसिबो की तुलना में 138 अधिक बाल पाए गए। जाँची गई खुराक: रोज़ाना 1 मिलीग्राम फिनास्टेराइड। |
|
सिर पर लगाई जाने वाली फिनास्टेराइड |
डीएचटी का प्रभाव कम करती है, हालाँकि दवा की कुछ मात्रा शरीर के भीतर भी पहुँच सकती है। |
अध्ययन: 458 पुरुषों पर 24 हफ़्तों का तीसरे चरण का चिकित्सकीय परीक्षण (Phase III)। मुख्य परिणाम: सिर के निर्धारित हिस्से में बालों की संख्या 20.2 बढ़ी, जबकि प्लेसिबो से केवल 6.7 बाल बढ़े। इस्तेमाल किया गया रूप: फिनास्टेराइड स्प्रे। |
|
खाने वाली ड्यूटास्टेराइड |
दो अलग-अलग एंजाइम प्रक्रियाओं पर काम करके डीएचटी का बनना कम करती है। |
अध्ययन: 917 पुरुषों पर 24 हफ़्तों का चिकित्सकीय परीक्षण। मुख्य परिणाम: बालों की संख्या और मोटाई, दोनों में रोज़ाना 1 मिलीग्राम फिनास्टेराइड की तुलना में बेहतर परिणाम मिले। जाँची गई खुराक: रोज़ाना 0.5 मिलीग्राम ड्यूटास्टेराइड। |
|
खाने वाली स्पाइरोनोलैक्टोन |
कुछ महिलाओं में बालों पर एंड्रोजन हार्मोन का प्रभाव कम करती है। |
प्रमाण: महिलाओं पर किए गए अध्ययनों की 2023 की व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-विश्लेषण (Meta-analysis)। सुधार की दर: लगभग 57% महिलाओं में कुल मिलाकर सुधार पाया गया। मुख्य जानकारी: अकेली दवा के मुकाबले दूसरे उपचारों के साथ इस्तेमाल करने पर बेहतर सफलता दर देखी गई। |
|
कम खुराक में खाने वाला मिनोक्सिडिल |
शरीर के भीतर से काम करके बालों की बढ़त में मदद करता है। |
अध्ययन: 2024 में 90 पुरुषों पर 24 हफ़्तों का चिकित्सकीय परीक्षण। मुख्य परिणाम: रोज़ाना 5 मिलीग्राम खाने वाले मिनोक्सिडिल और दिन में दो बार लगाए जाने वाले 5% मिनोक्सिडिल से बालों के घनापन में तुलनीय सुधार पाया गया। जाँची गई खुराक: रोज़ाना 5 मिलीग्राम खाने वाला मिनोक्सिडिल। |
|
पीआरपी चिकित्सा (PRP) |
प्लेटलेट्स से भरपूर प्लाज़्मा के इंजेक्शन से बालों के रोम की गतिविधि बढ़ाने में मदद करती है। |
अध्ययन: 2024 में 431 मरीज़ों वाले 14 चिकित्सकीय परीक्षणों का मेटा-विश्लेषण। मुख्य परिणाम: सामान्य स्थिति की तुलना में बालों का घनत्व औसतन 27.55 बाल प्रति वर्ग सेंटीमीटर बढ़ा। ध्यान दें: पीआरपी तैयार करने के तरीकों और अध्ययनों की गुणवत्ता में काफ़ी अंतर था। |
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया में मिनोक्सिडिल कैसे काम करता है?
मिनोक्सिडिल एक चिकित्सकीय रूप से एलोपेसिया के लिए प्रमाणित दवा है, जो एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया से प्रभावित लोगों में बालों का घनापन सुधारने और उनके लगातार पतले होने की रफ़्तार कम करने में मदद करती है। यह प्रभावित बालों के रोम को लंबे समय तक बढ़ने की सक्रिय अवस्था (Anagen Phase) में बनाए रखने में मदद करती है, जिससे वे ज़्यादा मोटे बाल पैदा कर सकते हैं।
मिनोक्सिडिल डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन (DHT) हार्मोन को नहीं रोकता। इसके बजाय, यह उन बालों के रोम की बढ़त में मदद करता है, जो अभी भी इलाज के प्रति प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके सबसे आम उपलब्ध रूपों में निम्नलिखित शामिल हैं।
सिर पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल: घोल और फोम
सिर की त्वचा पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया का एक प्रमाणित उपचार है। यह आमतौर पर 2% और 5% की मात्रा में घोल और फोम के रूप में उपलब्ध होता है। इसकी सही मात्रा और कितनी बार लगाना है, यह दवा के प्रकार, चिकित्सकीय जाँच और व्यक्ति की सहनशीलता पर निर्भर करता है।
चिकित्सकीय परीक्षणों से पता चला है कि मिनोक्सिडिल पुरुषों और महिलाओं, दोनों में एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के कारण कम हुए बालों के घनापन को सुधार सकता है। अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी (American Academy of Dermatology) के अनुसार, स्पष्ट सुधार दिखाई देने में 6 से 12 महीने लग सकते हैं। परिणाम बनाए रखने के लिए इसका लगातार इस्तेमाल ज़रूरी है।
शुरुआती कुछ हफ़्तों में बालों के बढ़ने का नया चक्र शुरू होने के कारण अस्थायी रूप से बाल ज़्यादा झड़ सकते हैं। इसके अन्य संभावित दुष्प्रभावों में सिर की त्वचा पर जलन, खुजली और चेहरे पर अनचाहे बाल उगना शामिल हैं। कुछ लोगों में घोल की तुलना में फोम से कम जलन हो सकती है।
खाने वाली मिनोक्सिडिल की गोलियाँ
कम खुराक में खाने वाला मिनोक्सिडिल एलोपेसिया के लिए एक ऑफ-लेबल दवा (Off-label Medicine) है। जब सिर पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल लगातार जलन पैदा करता है या नियमित रूप से इस्तेमाल करना मुश्किल होता है, तब त्वचा रोग विशेषज्ञ इसे लिख सकते हैं। सिर पर लगाए जाने वाले घोल के विपरीत, खाने वाला मिनोक्सिडिल पूरे शरीर में असर करता है। इसलिए इसके इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी ज़रूरी है।
साल 2024 में 90 पुरुषों पर किए गए एक चिकित्सकीय परीक्षण में रोज़ाना एक बार 5 मिलीग्राम खाने वाले मिनोक्सिडिल की तुलना दिन में दो बार लगाए जाने वाले 5% मिनोक्सिडिल से की गई। यह अध्ययन 24 हफ़्तों तक चला। शोधकर्ताओं ने पाया कि बालों के घनत्व से जुड़े मुख्य परिणामों में खाने वाला मिनोक्सिडिल, सिर पर लगाए जाने वाले मिनोक्सिडिल से अधिक प्रभावी नहीं था।
इसी अध्ययन में खाने वाला मिनोक्सिडिल लेने वाले 49% लोगों के शरीर या चेहरे पर अनचाहे बाल बढ़े, जबकि सिर पर मिनोक्सिडिल लगाने वाले समूह में यह समस्या 25% लोगों में देखी गई।
खाने वाले मिनोक्सिडिल से शरीर में पानी जमा होना, टखनों में सूजन, चक्कर आना, दिल की धड़कन तेज़ महसूस होना और रक्तचाप में बदलाव जैसी समस्याएँ भी हो सकती हैं। इसलिए इसे केवल डॉक्टर की निगरानी में लेना चाहिए, ख़ासकर उन लोगों को जिन्हें दिल या रक्त वाहिकाओं से जुड़ी समस्याएँ हैं।
ज़रूरी बात: मिनोक्सिडिल बालों का घनापन सुधार सकता है, लेकिन एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया को हमेशा के लिए ठीक नहीं करता। इलाज बंद करने पर अगले कुछ महीनों में इसके फ़ायदे आमतौर पर धीरे-धीरे कम होने लगते हैं।
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के इलाज में कौन-सी दूसरी दवाएँ मदद करती हैं?
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के लिए डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली प्रमुख दवाओं में फिनास्टेराइड, ड्यूटास्टेराइड (dutasteride) और स्पाइरोनोलैक्टोन (spironolactone) शामिल हैं।
अगर आप जानना चाहते हैं कि एलोपेसिया का इलाज कैसे करें, तो यह समझना ज़रूरी है कि ये दवाएँ हार्मोन से जुड़ी अलग-अलग प्रक्रियाओं पर काम करती हैं। डॉक्टर मरीज़ की स्थिति के अनुसार सही एलोपेसिया के लिए दवा चुनते हैं।
पुरुषों में बाल पतले होने के लिए फिनास्टेराइड
फिनास्टेराइड एलोपेसिया के लिए खाने वाली दवा है, जो टाइप II 5-अल्फा रिडक्टेज (Type II 5-alpha Reductase) नामक एंजाइम को रोकती है। यह एंजाइम पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन (testosterone) को डाइहाइड्रोटेस्टोस्टेरोन (DHT) में बदलता है। फिनास्टेराइड डीएचटी का स्तर कम करके एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया से प्रभावित पुरुषों के बालों का घनापन बनाए रखने में मदद करती है।
वयस्क पुरुषों में रोज़ाना 1 मिलीग्राम फिनास्टेराइड एक प्रमाणित उपचार है। इसके परिणाम आमतौर पर 6 से 12 महीनों तक नियमित इस्तेमाल के बाद जाँचे जाते हैं।
इसके संभावित दुष्प्रभावों में यौन इच्छा कम होना, इरेक्शन में परेशानी, स्तनों में संवेदनशीलता या दर्द और मनोदशा में बदलाव शामिल हैं। गर्भावस्था के दौरान फिनास्टेराइड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह गर्भ में पल रहे लड़के के विकास को प्रभावित कर सकती है।
लगातार बाल पतले होने पर ड्यूटास्टेराइड
ड्यूटास्टेराइड टाइप I और टाइप II, दोनों प्रकार के 5-अल्फा रिडक्टेज एंजाइम को रोकती है। इससे फिनास्टेराइड की तुलना में डीएचटी का स्तर अधिक कम होता है।
चिकित्सकीय परीक्षणों में 0.5 मिलीग्राम ड्यूटास्टेराइड से बालों के घनत्व में सुधार पाया गया है। कुछ अध्ययनों में इससे 1 मिलीग्राम फिनास्टेराइड के मुकाबले बालों की संख्या में अधिक बढ़ोतरी देखी गई। एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के लिए इस दवा की मंज़ूरी अलग-अलग देशों में अलग है, इसलिए इसे लेने से पहले विशेषज्ञ से जाँच करवाना ज़रूरी है।
इसके संभावित दुष्प्रभावों में यौन स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियाँ और स्तनों में संवेदनशीलता या दर्द शामिल हैं। गर्भावस्था के दौरान ड्यूटास्टेराइड का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए।
महिलाओं में बाल पतले होने के लिए स्पाइरोनोलैक्टोन
स्पाइरोनोलैक्टोन एक एंटी-एंड्रोजन दवा (Anti-androgen Medicine) है, जिसे महिलाओं में एक खास तरीके से बाल पतले होने की समस्या के लिए कुछ मामलों में ऑफ-लेबल उपचार के रूप में दिया जाता है। यह एंड्रोजन रिसेप्टर्स (Androgen Receptors) को रोकती है और उन हार्मोन के प्रभाव को कम करती है, जिनके कारण बालों के रोम सिकुड़ने लगते हैं।
जब सिर पर लगाए जाने वाले सामान्य उपचार से पर्याप्त सुधार नहीं होता, तब त्वचा रोग विशेषज्ञ स्पाइरोनोलैक्टोन पर विचार कर सकते हैं। इसका असर हर महिला में अलग हो सकता है और इसके पक्ष में उपलब्ध चिकित्सकीय प्रमाण प्राथमिक उपचारों की तुलना में कम व्यापक हैं।
इसके संभावित दुष्प्रभावों में अनियमित मासिक धर्म, चक्कर आना, स्तनों में संवेदनशीलता और खून में पोटैशियम का स्तर बढ़ना शामिल हैं। गर्भावस्था के दौरान इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। कुछ मरीज़ों को इलाज के दौरान किडनी की कार्यक्षमता और पोटैशियम के स्तर की नियमित जाँच करवाने की ज़रूरत पड़ सकती है।
क्या एलोपेसिया ड्रॉप्स, लोशन और सीरम मदद कर सकते हैं?
एलोपेसिया ड्रॉप्स और सिर की त्वचा पर लगाए जाने वाले सीरम बालों का घनापन सुधारने में मदद कर सकते हैं, ख़ासकर जब उनमें मिनोक्सिडिल जैसी चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित सक्रिय दवाएँ मौजूद हों।
घोल, फोम और लिपोसोमल सीरम (Liposomal Serums) जैसे उत्पादों का असर इस बात पर निर्भर कर सकता है कि उनके सक्रिय तत्व सिर की त्वचा में कितनी गहराई तक पहुँचते हैं और बालों के रोम पर कैसे काम करते हैं। कुछ तत्व स्थानीय स्तर पर डीएचटी का बनना कम करते हैं, जबकि अन्य छोटी रक्त वाहिकाओं में रक्त प्रवाह (Microcirculation) बढ़ाकर बालों की बढ़त में मदद कर सकते हैं।
मिनोक्सिडिल वाला एलोपेसिया लोशन
मिनोक्सिडिल युक्त एलोपेसिया लोशन दवा को सीधे सिर की त्वचा तक पहुँचाता है। इसका नियमित इस्तेमाल प्रभावित हिस्सों में बालों का घनापन बनाए रखने और उनकी मोटाई सुधारने में मदद कर सकता है, बशर्ते बालों के रोम उपचार के प्रति प्रतिक्रिया दे रहे हों।
कुछ लोशन में अल्कोहल या प्रोपाइलीन ग्लाइकॉल (Propylene Glycol) होता है, जिससे संवेदनशील त्वचा में जलन हो सकती है। कुछ मरीज़ों के लिए फोम के रूप में उपलब्ध मिनोक्सिडिल अधिक उपयुक्त हो सकता है।
सिर पर लगाया जाने वाला फिनास्टेराइड घोल
सिर की त्वचा पर लगाए जाने वाले फिनास्टेराइड ने एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया से प्रभावित पुरुषों पर किए गए चिकित्सकीय परीक्षणों में अच्छे परिणाम दिखाए हैं।
तीसरे चरण के एक चिकित्सकीय परीक्षण (Phase III Trial) में 458 प्रतिभागियों को अलग-अलग समूहों में बाँटा गया। इसमें एक विशेष फिनास्टेराइड स्प्रे इस्तेमाल करने वाले पुरुषों में प्लेसिबो (Placebo) की तुलना में बालों की संख्या में अधिक सुधार पाया गया।
खाने वाली फिनास्टेराइड की तुलना में सिर पर लगाने से दवा की कम मात्रा पूरे शरीर तक पहुँच सकती है, लेकिन कुछ दवा फिर भी शरीर में अवशोषित होती है। इसकी सुरक्षा और सरकारी मंज़ूरी दवा के प्रकार पर निर्भर करती है। इसलिए इसका इस्तेमाल उचित चिकित्सकीय सलाह के साथ ही करना चाहिए।
बाल बढ़ाने वाले कॉस्मेटिक सीरम
कैफीन, पेप्टाइड्स (Peptides) या जड़ी-बूटियों के अर्क वाले सीरम बालों के पतलेपन के लिए बेचे जाते हैं। हालाँकि, इनके प्रभाव से जुड़े चिकित्सकीय प्रमाण मिनोक्सिडिल और फिनास्टेराइड जितने मज़बूत या एक जैसे नहीं हैं।
जब बालों के लिए चिकित्सकीय उपचार ज़रूरी हो, तब ऐसे सीरम को एलोपेसिया की प्रमाणित दवाओं का विकल्प नहीं मानना चाहिए।
क्या शैम्पू एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया में मदद करते हैं?
जब एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के साथ डैंड्रफ़ या सेबोरिक डर्मेटाइटिस (Seborrhoeic Dermatitis) की समस्या भी हो, तब कभी-कभी कीटोकोनाज़ोल (Ketoconazole) शैम्पू इस्तेमाल करने पर विचार किया जाता है।
साल 2020 की एक व्यवस्थित शोध समीक्षा में 318 प्रतिभागियों वाले पाँच मानव अध्ययनों को शामिल किया गया था। इनमें कीटोकोनाज़ोल के कुछ सकारात्मक परिणाम मिले। हालाँकि, शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया में इसकी प्रभावशीलता स्थापित करने के लिए अधिक मज़बूत चिकित्सकीय परीक्षणों की ज़रूरत है।
बायोटिन, कैफीन या अन्य कॉस्मेटिक तत्वों वाले शैम्पू बालों की दिखावट सुधार सकते हैं, लेकिन एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के इलाज में उनकी भूमिका मिनोक्सिडिल या फिनास्टेराइड जितनी प्रमाणित नहीं है।
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के इलाज का असर कितने समय में दिखाई देता है?
एलोपेसिया के अधिकांश उपचारों से स्पष्ट बदलाव दिखाई देने में कई महीने लगते हैं। इलाज का असर इस्तेमाल की गई दवा, बालों के पतले होने की गंभीरता और बालों के रोम की गतिविधि पर निर्भर करता है।
बालों के रोम में मौजूद स्टेम सेल (Stem Cells) बालों के विकास की अलग-अलग अवस्थाओं से जुड़ी होती हैं। इनमें एनाजेन (Anagen), कैटाजेन (Catagen) और टेलोजन (Telogen) शामिल हैं। अलग-अलग उपचारों से दिखाई देने वाले बदलावों का आकलन आमतौर पर निम्नलिखित समय के बाद किया जाता है।
|
उपचार |
परिणामों का आकलन करने का सामान्य समय |
|
सिर पर लगाया जाने वाला मिनोक्सिडिल |
6 से 12 महीने |
|
खाने वाली फिनास्टेराइड |
6 से 12 महीने |
|
कम खुराक में खाने वाला मिनोक्सिडिल |
शुरुआती परिणाम लगभग 3 से 6 महीनों में |
|
स्पाइरोनोलैक्टोन |
लगभग 6 से 12 महीने |

क्या दवाएँ बंद करने के बाद एलोपेसिया दोबारा बढ़ सकता है?
हाँ, दवाएँ बंद करने के बाद एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया की समस्या आगे बढ़ सकती है और इलाज से मिले फ़ायदे धीरे-धीरे कम हो सकते हैं। मिनोक्सिडिल और फिनास्टेराइड जैसी दवाएँ आनुवंशिक कारणों से बाल पतले होने की समस्या को नियंत्रित करने में मदद करती हैं, लेकिन आमतौर पर इनका असर तभी तक बना रहता है, जब तक इलाज जारी रहता है।
ध्यान दें: दवाएँ बंद करने का मतलब यह नहीं है कि बालों के रोम को हमेशा के लिए नुकसान पहुँच जाएगा। हालाँकि, बालों के पतले होने का मूल आनुवंशिक कारण बना रहता है, इसलिए कुछ समय बाद बालों का पतलापन दोबारा दिखाई देने लग सकता है।
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के इलाज पर Traya का नज़रिया
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया में लंबे समय तक देखभाल की ज़रूरत होती है, क्योंकि डीएचटी हार्मोन के प्रति आनुवंशिक संवेदनशीलता के कारण बालों के रोम धीरे-धीरे सिकुड़ने लगते हैं। हालाँकि, पोषक तत्वों की कमी, हार्मोन से जुड़ी समस्याएँ और सिर की त्वचा की कुछ स्थितियाँ भी बाल झड़ने में योगदान दे सकती हैं। इन अतिरिक्त कारणों की पहचान करने से यह समझने में मदद मिलती है कि आनुवंशिक कारणों से बाल पतले होने के साथ किन दूसरी समस्याओं पर अलग से ध्यान देना ज़रूरी है।
बाल झड़ने के मूल कारणों को समझने के लिए Traya का मुफ़्त हेयर टेस्ट लें। यह टेस्ट बालों के झड़ने के पैटर्न, जीवनशैली की आदतों, पोषण संबंधी स्वास्थ्य और तनाव, नींद की कमी या हार्मोन में बदलाव जैसे संभावित कारणों का आकलन करने में मदद करता है।
Traya तीन विज्ञानों पर आधारित व्यक्तिगत उपचार का तरीका अपनाता है, जिसमें हेयर साइंस (Hair Science), आयुर्वेद और पोषण शामिल हैं। जाँच के आधार पर Traya व्यक्ति की ज़रूरतों के अनुसार देखभाल की योजना तैयार करता है। इसमें पोषण संबंधी सहायता, सिर की त्वचा की देखभाल और उपयुक्त उपचार शामिल हो सकते हैं। इसका उद्देश्य पहचाने गए कारणों पर ध्यान देने के साथ लंबे समय तक बालों की सेहत बनाए रखने में मदद करना है। हालाँकि, आनुवंशिक संवेदनशीलता को पूरी तरह ख़त्म नहीं किया जा सकता, इसलिए एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया को नियंत्रित करने के लिए लगातार चिकित्सकीय उपचार की ज़रूरत पड़ सकती है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
1. क्या मिनोक्सिडिल एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया को हमेशा के लिए ठीक कर सकता है?
नहीं, मिनोक्सिडिल बालों का घनापन सुधारने और उनके पतले होने की रफ़्तार कम करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसके फ़ायदे आमतौर पर नियमित इस्तेमाल पर निर्भर करते हैं। फ़िलहाल एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया को दवाओं से हमेशा के लिए ठीक नहीं किया जा सकता।
2. क्या एलोपेसिया ड्रॉप्स पतले हो चुके बालों को दोबारा घना बना सकते हैं?
मिनोक्सिडिल वाले घोल कुछ लोगों में बालों का घनापन सुधार सकते हैं, ख़ासकर जब बालों के रोम अभी भी इलाज के प्रति प्रतिक्रिया दे रहे हों। वहीं, ऐसी कॉस्मेटिक ड्रॉप्स जिनमें प्रमाणित सक्रिय दवाएँ नहीं होतीं, उनके असर से जुड़े वैज्ञानिक प्रमाण कम भरोसेमंद हैं।
3. क्या एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया का प्राकृतिक तरीकों से इलाज किया जा सकता है?
अब तक किसी प्राकृतिक उपाय ने प्रमाणित दवाओं जितनी लगातार और प्रभावी चिकित्सकीय सफलता नहीं दिखाई है। अगर शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी है, तो उसे दूर करने से बालों की सेहत बेहतर हो सकती है। हालाँकि, इससे आनुवंशिक कारणों से बालों के रोम के सिकुड़ने की प्रक्रिया सीधे उलट नहीं सकती।
References:
-
Parikh AK, Tan IJ, Wolfe SM, et al. (2022). Treatment Options for Androgenetic Alopecia: Efficacy, Side Effects, and Monitoring. Journal of Clinical and Aesthetic Dermatology.
-
Feinstein RP. (2023). Androgenetic Alopecia Treatment & Management. Medscape Reference.
-
Penha, M. A., Miot, H. A., Kasprzak, M., & Ramos, P. M. (2024). Oral minoxidil vs topical minoxidil for male androgenetic alopecia: A randomized clinical trial. JAMA Dermatology, 160(6), 600–605. DOI: https://doi.org/10.1001/jamadermatol.2024.0284
-
Cleveland Clinic. (2023). Male Pattern Baldness (Androgenic Alopecia). Cleveland Clinic Health Library.
-
Ly NY, Burns KH, Mesinkovska NA. (2023). Medical and Procedural Treatment of Androgenetic Alopecia. Journal of the American Academy of Dermatology. DOI: 10.1016/j.jaad.2023.03.048
-
Miot HA, Lunas AB, Castro CC. (2023). Female-Pattern Hair Loss: Therapeutic Update. Anais Brasileiros de Dermatologia. DOI: 10.1016/j.abd.2022.09.006
-
Rossi A, Anzengruber F, Soares DM, et al. (2014). Androgenetic Alopecia: An Update on Diagnosis and Treatment. Giornale Italiano di Dermatologia e Venereologia.
-
Kelly Y, Blanco A, Tosti A. (2016). Androgenetic Alopecia: An Update of Treatment Options. Drugs. DOI: 10.1007/s40265-016-0629-5
-
York K, Meah N, Bhoyrul B, Sinclair R. (2020). A Review of the Treatment of Male Pattern Hair Loss. Expert Opinion on Pharmacotherapy. DOI: 10.1080/14656566.2020.1721463
-
Practical Dermatology. (2009). Ethics and Dermatology: Finding Harmony in Daily Practice. Practical Dermatology.
-
Adil A, Godwin M. (2017). The Effectiveness of Treatments for Androgenetic Alopecia: A Systematic Review and Meta-Analysis. Journal of the American Academy of Dermatology. DOI: 10.1016/j.jaad.2017.02.054
-
Van Neste D, Fuh V, Sanchez-Pedreno P, et al. (2000). Finasteride Increases Anagen Hair in Men With Androgenetic Alopecia. British Journal of Dermatology. DOI: 10.1046/j.1365-2133.2000.03780.x
-
Fischer TW, Burmeister G, Schmidt HW, Elsner P. (2004). Melatonin Increases Anagen Hair Rate in Women With Androgenetic Alopecia or Diffuse Alopecia: Results of a Pilot Randomized Controlled Trial. British Journal of Dermatology. DOI: 10.1111/j.1365-2133.2004.05685.x
-
Lolli F, Pallotti F, Rossi A, et al. (2017). Androgenetic Alopecia: A Review. Endocrine. DOI: 10.1007/s12020-017-1280-y
-
Olsen, E. A., Dunlap, F. E., Funicella, T., Koperski, J. A., Swinehart, J. M., Tschen, E. H., & Trancik, R. J. (2002). A randomized clinical trial of 5% topical minoxidil versus 2% topical minoxidil and placebo in the treatment of androgenetic alopecia in men. Journal of the American Academy of Dermatology, 47(3), 377–385. DOI: https://doi.org/10.1067/mjd.2002.124088
-
Kieling, L., Konzen, A. T., Zanella, R. K., & Valente, D. S. (2024). Is autologous platelet-rich plasma capable of increasing hair density in patients with androgenic alopecia? A systematic review and meta-analysis of randomized clinical trials. Anais Brasileiros de Dermatologia, 99(6), 847–862. DOI: https://doi.org/10.1016/j.abd.2024.01.002
-
Penha, M. A., Miot, H. A., Kasprzak, M., & Ramos, P. M. (2024). Oral minoxidil vs topical minoxidil for male androgenetic alopecia: A randomized clinical trial. JAMA Dermatology, 160(6), 600–605. DOI: https://doi.org/10.1001/jamadermatol.2024.0284
-
Aleissa, M. (2023). The efficacy and safety of oral spironolactone in the treatment of female pattern hair loss: A systematic review and meta-analysis. Cureus, 15(8), e43559. DOI: https://doi.org/10.7759/cureus.43559
-
Gubelin Harcha, W., Barboza Martínez, J., Tsai, T.-F., Katsuoka, K., Kawashima, M., Tsuboi, R., Barnes, A., Ferron-Brady, G., & Chetty, D. (2014). A randomized, active- and placebo-controlled study of the efficacy and safety of different doses of dutasteride versus placebo and finasteride in the treatment of male subjects with androgenetic alopecia. Journal of the American Academy of Dermatology, 70(3), 489–498.e3. DOI: https://doi.org/10.1016/j.jaad.2013.10.049
-
Piraccini, B. M., Blume-Peytavi, U., Scarci, F., Jansat, J. M., Falqués, M., Otero, R., Tamarit, M. L., Galván, J., Tebbs, V., & Massana, E. (2022). Efficacy and safety of topical finasteride spray solution for male androgenetic alopecia: A phase III, randomized, controlled clinical trial. Journal of the European Academy of Dermatology and Venereology, 36(2), 286–294. DOI: https://doi.org/10.1111/jdv.17738
-
Kaufman, K. D., Olsen, E. A., Whiting, D., Savin, R., DeVillez, R., Bergfeld, W., Price, V. H., Van Neste, D., Roberts, J. L., Hordinsky, M., Shapiro, J., Binkowitz, B., & Gormley, G. J. (1998). Finasteride in the treatment of men with androgenetic alopecia. Journal of the American Academy of Dermatology, 39(4), 578–589. DOI: https://doi.org/10.1016/S0190-9622(98)70007-6
Read More Blogs
मिनोक्सिडिल के फायदे और नुकसान: उपयोग व सावधानियां जानें
झड़ते बालों की समस्या के उपचार में अक्सर आपने मिनोक्सिडिल का नाम सुना होगा। आमतौर पर डॉ...
एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के चरण: नॉरवुड और लुडविग स्केल की पूरी जानकारी
Quick Answer एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया के चरण बताते हैं कि सिर के किन हिस्सों में बाल पत...
महिलाओं में एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया: फीमेल पैटर्न हेयर लॉस की पूरी जानकारी
Quick Answer महिलाओं में एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया (androgenetic alopecia) एक लंबे समय त...
पुरुषों में एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया: मेल पैटर्न हेयर लॉस को समझें
Quick Answer पुरुषों में एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया (androgenetic alopecia), जिसे मेल पैट...





























